रायपुर 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधूरे कामों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। सचिव ने पामगढ़ और कोरबा में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माणाधीन, स्वीकृत और प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ सुरक्षा और गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों की सड़के जर्जर हालत में है। बारिश के कारण खराब हुई सड़कों के जीर्णोधार को लेकर सरकार एक्शन मोड पर है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जांजगीर और कोरबा जिले का दौरा किया। जांजगीर-चांपा जिले में धनवारपारा (सलनी)-नवागांव मार्ग पर बोराई नदी के ऊपर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि सड़क के 905 मीटर हिस्से में बीटी यानी बिटुमिनस सड़क निर्माण का काम बाकी है। पामगढ़ रेस्ट हाउस में हुई समीक्षा बैठक के दौरान सचिव मुकेश बंसल ने अधिकारियों को मौजूदा अनुबंध के तहत शेष बीटी कार्य पूरा कर अनुबंध को जल्द समाप्त करने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्रामीणों की मांग को देखते हुए अतिरिक्त 1,200 मीटर सड़क निर्माण के लिए अलग से पुनरीक्षित प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजने को कहा। उन्होंने विभागीय कार्यों से जुड़े रिकॉर्ड को भी अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके तहत पीडब्ल्यूएमआईएस (PWMIS) पोर्टल पर पूर्व वर्षों में पूरे हो चुके कार्यों के अंतिम भुगतान संबंधी प्रक्रिया पूरी कर अद्यतन जानकारी दर्ज करने को कहा गया। पामगढ़ रेस्ट हाउस में साफ-सफाई और जरूरी मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
कोरबा के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर दिसंबर तक पूरा करना होगा पुल
कोरबा में समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने सीजीआरआईडीसीएल योजना के तहत बन रहे कटघोरा-हरदीबाजार-बलौदा-अकलतरा मार्ग यानी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने खोलार नाला पर उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्रैश बैरियर पर हैंडरेल लगाने को भी कहा गया। इसके अलावा खोलार नाला के पास सड़क पर कटाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल, पिचिंग और अन्य सुरक्षा कार्य कराने के संबंध में कोरबा कलेक्टर को निर्देशित किया गया। कोरबा जिले में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए सीपत-बलौदा-कोरबा (कुदुरमाल) मार्ग पर हसदेव नदी में उच्च स्तरीय फोरलेन पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण की योजना पर भी काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव मुकेश बंसल ने अधिकारियों को इसके लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा, ताकि प्रस्तावित निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा सके। निरीक्षण और बैठकों के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। बोराई नदी पर सड़क के शेष हिस्से से लेकर कोरबा के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हसदेव नदी पर प्रस्तावित फोरलेन पुल तक, इन परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इन कार्यों के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


