बिलासपुर 16 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी’ बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले बैच का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। 33 प्रशिक्षुओं ने लगभग एक महीने का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। समापन समारोह बिलासपुर के इंदिरा विहार स्थित मानव संसाधन संस्थान में आयोजित किया गया, जिसमें एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
एसईसीएल के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 16 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को कंपनी की नीतियों और नियमों, सुरक्षा प्रक्रियाओं, हथियार संचालन तथा शारीरिक और मानसिक दक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा प्रहरियों को जरूरी कौशल, अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से सुसज्जित करना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने वर्दी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “वर्दी कोई सामान्य वस्त्र नहीं, आपकी पहचान है, आपके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।” उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने आचरण में संयम, व्यवहार में शालीनता और निर्णय लेते समय विवेक बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने और अनुशासन को अपने कार्य व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सम्मानित
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि बिरंची दास ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस सम्मान का उद्देश्य प्रशिक्षुओं का उत्साह बढ़ाने के साथ प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन और अनुशासन को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/सुरक्षा) सुवंकर परिड़ा, महाप्रबंधक (एचआरडी) बी.सी. सेठी, सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर बी. दक्षिणामूर्ति सहित अधिकारी, प्रशिक्षक और अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
एसईसीएल का ‘सुरक्षा प्रहरी’ कार्यक्रम कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सतर्क और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बुनियादी प्रशिक्षण के जरिए प्रशिक्षुओं को सुरक्षा प्रक्रियाओं, अनुशासन और जिम्मेदारियों के प्रति तैयार किया जा रहा है। पहले बैच के 33 प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण पूरा होना इस पहल का महत्वपूर्ण चरण है। कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की भूमिका अहम मानी जाती है।


