कोरबा 8 अक्टूबर 2026। शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ वनांचल के लोगों तक कितना पहुंच रहा है, इसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन ने गुरुवार को कोरबा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीएम जनमन आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, वीबी-जी राम जी, बालिका शौचालय समेत कई विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। अधूरे और निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति देखने के बाद उन्होंने अधिकारियों को इन्हें समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
CEO प्रतीक जैन ने ग्राम पंचायत सोनपुरी के आश्रित ग्राम सरायपाली में वीबी-जी राम जी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद अजगरबहार में पीएम जनमन आवास के अधूरे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और हितग्राहियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) परिवारों के आवास अभियान चलाकर प्राथमिकता से पूरे कराए जाएं।माखुरपानी में पीएम जनमन आवास की समीक्षा के दौरान भी उन्होंने लंबित आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
डबरी निर्माण और विकास कार्यों की भी जांच
गढ़ उपरोड़ा में CEO ने वीबी-जी राम जी के तहत निर्मित डबरी का निरीक्षण किया। उन्होंने PVTG परिवारों से बातचीत कर आवास निर्माण के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। साथ ही सरपंच और सचिव को पीएम जनमन के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। देवपहरी और उसके आश्रित ग्राम तीतरडांड में पीएम जनमन आवास और बालिका शौचालय निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। CEO ने अधिकारियों को मानक प्राक्कलन के अनुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालयों में ब्रांडेड नल और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया, ताकि निर्माण के बाद विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्कूल में बच्चों से पूछा गिनती और पहाड़ा
दौरे के दौरान CEO ने स्कूल और छात्रावास का भी निरीक्षण किया। सरायपाली-अजगरबहार प्राथमिक शाला में उन्होंने बच्चों से गिनती, जोड़-घटाव और पहाड़े पूछे। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और विद्यालय की व्यवस्थाओं व शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। CEO ने एनआरएलएम से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी आजीविका गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को आय बढ़ाने के लिए अलग-अलग आयमूलक और आजीविका संवर्धन गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘अधिकारी फील्ड में उतरें, लापरवाही नहीं चलेगी’
निरीक्षण के दौरान प्रतीक जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तकनीकी अमले को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान संयुक्त कलेक्टर तरुण कुमार किरण, एसडीओ आदित्य दुबे, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक निखिल गुप्ता समेत संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और ग्रामीण मौजूद रहे।


