सुकमा/कोंटा 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुराने और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एलामडगु कैंप के पास हुए ब्लास्ट में CRPF के चार जवान घायल हो गए हैं। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे की जानकरी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुःख जताया है। उन्होने घायल जवानों के उपचार के लिए समुचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
पुलिस के मुताबिक पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलामडगु कैंपों में रखे पुराने और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन (ATT) की टीम एलामडगु कैंप पहुंची थी। थाना भेज्जी क्षेत्र में कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यह काम किया जा रहा था। इसी दौरान एक विस्फोटक का हिस्सा उड़कर पास में गिर गया और अचानक ब्लास्ट हो गया।
ब्लास्ट की चपेट में आने से ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ATT के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को भी चोटें आई हैं। दोनों को सामान्य चोटें बताई जा रही हैं। हादसे के तुरंत बाद चारों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें शासकीय अस्पताल कोंटा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जवानों के घायल होने पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि घायल जवानों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। ब्लास्ट आखिर किस वजह से हुआ और विस्फोटक का हिस्सा किस तरह उछलकर पास में गिरा, इसकी जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।


