रायगढ़ 7 अक्टूबर 2026।रायगढ़ जिले में डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर के अपहरण और चाकू की नोक पर करीब एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुसौर क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को दो लोगों ने कथित तौर पर अगवा किया और मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी ले जाकर बंधक बना लिया। और फिर चाकू की नोक पर यूपीआई से एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने के बाद फरार हो गये। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक अपहरण और लूट का ये मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पीड़ित प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच जकेला गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास एक माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोप है कि बदमाशों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन तथा छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से किसी दूसरे स्थान पर ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित प्रोफेसर को ग्राम पंडरीपानी, थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में लेकर गए। वहां कथित तौर पर मारपीट कर उनके मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM ऐप का पासवर्ड हासिल किया गया। इसके बाद आरोपितों ने एक महिला से मोबाइल फोन पर संपर्क किया और उसका QR कोड मंगवाया। फिर प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई। पुलिस के मुताबिक, खाते की करीब एक लाख रुपये की ट्रांसफर लिमिट खत्म होने तक रकम भेजी गई। इतना ही नहीं, आरोपितों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया और परिजनों से खुद के कुशल-मंगल होने की बात कहलवाई, ताकि उन्हें घटना की जानकारी न हो सके। रकम ट्रांसफर कराने के बाद प्रोफेसर की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी गई और उन्हें पंडरीपानी क्षेत्र में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
इधर, प्रोफेसर के परिजनों को जब घटना को लेकर संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर उनकी लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रातभर आरोपियों की तलाश शुरू कर घटना के करीब 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और उनके UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है।
अन्य आरोपितों की तलाश और मामले की जांच जारी है। इस वारदात में प्रोफेसर के खाते से जिस महिला के खाते में करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए थे, भूपदेवपुर पुलिस ने उससे संपर्क किया। पुलिस के प्रयास से ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित कराया गया है। इस तरह पुलिस ने पीड़ित की रकम को भी सुरक्षित करने में सफलता हासिल की। पुसौर थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल अन्य लोग कौन हैं, अपहरण की पूरी साजिश कैसे रची गई और आरोपितों का पीड़ित से पहले से कोई परिचय था या नहीं।


