रायपुर 7 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गृहमंत्री के निज सहायक के नाम से बना फर्जी आईडी कार्ड भी जब्त किया है। आरोप है कि इसी आईडी कार्ड का रौब दिखाकर लोगों को सरकारी नौकरी लगवाने और ट्रांसफर कराने का झांसा दिया जाता था और उनसे लाखों रुपये ऐंठे गए। पुलिस की पूछताछ में अब तक करीब 15 लोगों से 25 लाख रुपये की ठगी किए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच अभी जारी है।
जानकारी के मुताबिक गृहमंत्री के निज सहायक के नाम पर ठगी का ये मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी बोस्टो तांडी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। पुलिस के मुताबिक आदित्य ने खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताया और प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा किया। इसी भरोसे में प्रार्थी से नौकरी लगाने के नाम पर 70 हजार रुपये लिए गए। लेकिन रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कहानी सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रही।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गृहमंत्री के निज सचिव का फर्जी आईडी कार्ड भी जब्त किया है। आरोप है कि इसी पहचान का इस्तेमाल लोगों का भरोसा जीतने के लिए किया जाता था। नौकरी के अलावा ट्रांसफर कराने के नाम पर भी लोगों से रकम लेने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अब तक करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस अभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित ठगी में और कितने लोग शामिल हैं तथा कितने लोगों से रकम ली गई।
गृहमंत्री के निज सहायक बनकर लोगों से ठगी के इस मामले में पुलिस ने आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) में मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि फर्जी आईडी और प्रभावशाली लोगों से संपर्क का दावा कर आरोपियों ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की रकम का आंकड़ा कितना बड़ा है। पुलिस पूछताछ आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।


