रायपुर 6 अक्टूबर 2026। धमतरी जिले में बरसात के बाद अब सड़क निर्माण और सड़क सुधार के काम तेज होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपये की लागत वाले छह कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, डामरीकरण के साथ-साथ आमदी नगर पंचायत में फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण का काम शामिल है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर काम तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपये और छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के नौ किलोमीटर हिस्से के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है। इसके अलावा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के 10 किलोमीटर हिस्से के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।
23 किलोमीटर सड़क का होगा डामरीकरण
राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपये की निविदा मंजूर की गई है। इसी मार्ग पर पड़ने वाले आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ का निर्माण और सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। इसके लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य विभागीय मापदंडों के अनुसार कराए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के साथ यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि ठेकेदार कार्यों को किसी अन्य को सबलेट न करें।
उन्होंने कार्यों के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं करने तथा अनुबंध के अनुसार ही निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।निविदाओं की मंजूरी में अनुबंध से पहले ठेकेदारों से पूरी कार्यावधि के लिए प्रभावी Additional Performance Security (APS) की बैंक गारंटी लेने की शर्त भी रखी गई है। धमतरी के इन छह कार्यों के अलावा राज्य स्तर पर लोक निर्माण विभाग ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये के 24 महत्वपूर्ण सड़क और पुल निर्माण कार्यों की निविदाओं को भी मंजूरी दी है। विभाग का कहना है कि बारिश के बाद इन परियोजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने की तैयारी है।


