रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को दुर्ग जिले के सेलूद में स्कूली विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। खास बात यह रही कि मंत्री का बच्चों से यह संवाद किसी निर्धारित कार्यक्रम के तहत नहीं, बल्कि स्कूल से घर लौटते समय हुआ। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, खेल गतिविधियों और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव दुर्ग जिले के ग्राम फेकारी में आयोजित सेवा सेतु शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम से लौटते समय वे सेलूद चौक स्थित हाईस्कूल के विद्यार्थियों के बीच रुके। मंत्री को अपने बीच देखकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया।
इस दौरान मंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और स्कूल से जुड़ी जरूरतों को लेकर बातचीत की। विद्यार्थियों ने भी स्कूल में आवश्यक सुविधाओं को लेकर अपनी बातें सामने रखीं। विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड और मंच की आवश्यकता बताई। बच्चों की मांग पर शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना शेड और मंच निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद पहुंचे और स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राचार्य और शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों और विद्यार्थियों की जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
विद्यालय की जरूरतों को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने स्कूल परिसर में साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड के निर्माण की घोषणा की। स्कूल प्रबंधन की ओर से मंत्री को बताया गया कि विद्यालय में शौचालय निर्माण का काम पूरा हो चुका है। मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री ने बदलते तकनीकी दौर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक की भूमिका बढ़ेगी। ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ तकनीकी ज्ञान से भी जोड़ना जरूरी है।
मंत्री के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के सहयोग से विद्यार्थियों को एआई जैसी आधुनिक तकनीकों के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश लर्निंग कोर्स शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री का सेलूद स्कूल दौरा इस मायने में भी अहम रहा कि उन्होंने अधिकारियों के बजाय सीधे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी जरूरतें जानने की कोशिश की। प्रार्थना शेड और मंच से लेकर साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और खेल मैदान जैसी सुविधाओं को लेकर सामने आई मांगों पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।


