नई दिल्ली 4 अक्टूबर 2026। अगर आप मोबाइल रिचार्ज में इंटरनेट डेटा नहीं चाहते और सिर्फ कॉलिंग और SMS वाला सस्ता प्लान तलाशते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। टेलीकॉम रेगुलेटर TRAI ने मोबाइल कंपनियों को अपने जरूरी रिचार्ज प्लान और Special Tariff Vouchers (STVs) को ग्राहकों के सामने ज्यादा स्पष्ट तरीके से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है।
TRAI के इस निर्देश का मकसद ग्राहकों के लिए ऐसे प्लान ढूंढना आसान बनाना है, जिनमें उनकी जरूरत के मुताबिक सिर्फ वॉयस कॉल और SMS जैसी सेवाएं शामिल हों। अक्सर रिचार्ज ऐप में कई तरह के डेटा और कॉम्बो प्लान दिखाई देते हैं, जिसके बीच ग्राहकों को अपनी जरूरत का प्लान खोजने में परेशानी होती है।
Jio, Airtel और Vi समेत कंपनियों को निर्देश
TRAI ने Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea (Vi) समेत टेलीकॉम कंपनियों को अपने जरूरी रिचार्ज प्लान और STVs को स्पष्ट और आसानी से दिखाई देने वाले तरीके से उपलब्ध कराने को कहा है। रेगुलेटर के निर्देश के मुताबिक, कंपनियों को 1 अक्टूबर को जारी निर्देश के 30 दिनों के भीतर इसका अनुपालन करना होगा।
ग्राहकों को क्या फायदा होगा ?
इस कदम के बाद मोबाइल यूजर्स को अपनी जरूरत के हिसाब से प्लान चुनने में आसानी हो सकती है। खासतौर पर ऐसे ग्राहक जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है और वे मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS के लिए मोबाइल कनेक्शन इस्तेमाल करते हैं, उन्हें संबंधित प्लान तलाशने में कम परेशानी होने की उम्मीद है।
TRAI का यह कदम ऐसे समय में आया है जब मोबाइल रिचार्ज विकल्पों की संख्या काफी बढ़ गई है। अलग-अलग वैलिडिटी, डेटा, कॉलिंग और SMS बेनिफिट वाले प्लान के कारण कई बार ग्राहकों के लिए अपनी जरूरत के मुताबिक विकल्प पहचानना आसान नहीं होता। अब टेलीकॉम कंपनियों को अपने प्लान की जानकारी ग्राहकों के सामने ज्यादा स्पष्ट तरीके से रखनी होगी। इसका असर रिचार्ज प्रक्रिया को सरल बनाने और ग्राहकों को उपलब्ध विकल्पों की बेहतर जानकारी देने के तौर पर देखा जा सकता है।


