जशपुर 2 अक्टूबर 2026। जशपुर जिले में नशे की बड़ी खेप पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। तपकरा थाना क्षेत्र के लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये आंकी गई है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। बताया जा रहा है कि तस्कर मिर्च की बोरियों की आड़ में ओडिशा से गांजा लेकर यूपी में खपाने ले जा रहे थे। लेकिन बीच रास्तें में ही पुलिस की टीम ने इन्हे धर दबोचा, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस की ये कार्रवाई जशुपर के तपकरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में सवार दोनों युवकों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना नाम मो. वसीम और मो. आसिफ बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि ट्रक में मिर्च की बोरियां लदी हैं, जिन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
पुलिस को दोनों के जवाब और ट्रक में रखे सामान पर संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने ट्रक की बारीकी से तलाशी शुरू की। ऊपर की तरफ मिर्च से भरी बोरियां रखी हुई थीं। पुलिसकर्मियों ने जब इन बोरियों को हटाया तो नीचे कुछ और बोरियां दिखाई दीं। संदिग्ध बोरियों की तलाशी लेने पर उनके अंदर टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने सभी बोरियों को बाहर निकलवाकर उनकी जांच की। पुलिस के अनुसार कुल 14 बोरियों में गांजे के 440 पैकेट मिले। इनका वजन करने पर कुल 440.63 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। आरोपियों से गांजे के परिवहन और उससे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी ओडिशा के बोध क्षेत्र से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा उन्हें किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था और प्रयागराज में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस नेटवर्क में और भी लोग जुड़े हो सकते हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजे के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
एक दिन पहले सूरजपुर में भी पकड़ा गया था गांजा
गौरतलब है कि जशपुर की इस कार्रवाई से एक दिन पहले ही सूरजपुर जिले में भी गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। घाट पेंडारी में उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा एक ट्रक पलट गया था। ट्रक में प्लास्टिक दाना की बोरियां लदी थीं। कुछ बोरियों को अलग रखे जाने पर लोगों को संदेह हुआ। पुलिस ने जांच की तो इन बोरियों से करीब 238 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये आंकी गई थी। लगातार दूसरे दिन गांजे की बड़ी खेप पकड़े जाने से पुलिस अब ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक सक्रिय तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की जांच में जुट गई है।


