सूरजपुर 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक 65 वर्षीय चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक चैकीदार ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ हैवानियत करते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना से पीड़ित नाबालिग ने बदला लेने की नीयत से उस पर सब्बल से सिर पर वार कर दिया और फिर ब्लेड से गला रेत दिया। हमले में चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने किशोरी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात सूरजपुर थाना क्षेत्र के महुआपारा की है। बताया जा रहा है कि यहां SECL कर्मचारी कामता प्रसाद साहू का मकान निर्माणाधीन है। यहां सामान की देखरेख के लिए चौकीदार सीताराम गोंड़ को रखा गया था। किशोरी कुछ दिन पहले काम के सिलसिले में सूरजपुर आई थी और इसी मकान में चौकीदार के साथ रुकी हुई थी। बताया गया है कि सीताराम किशोरी का दूर का रिश्तेदार था और वह उसे मुंहबोला बाबा मानती थी। पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर की रात दोनों ने खाना खाने के बाद आराम सोने चले गये थे। इसी दौरान आधी रात को चौकीदार ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
इसके बाद किशोरी ने पास रखे सब्बल से उसके सिर पर हमला किया और ब्लेड से गला काट दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद किशोरी डर के कारण रात में बाहर नहीं निकली। अगली सुबह किशोरी को निर्माणाधीन मकान से बाहर जाते हुए मजदूरों ने देखा। इसके बाद मकान के अंदर चौकीदार का शव मिला। उसका गला कटा हुआ था और आसपास खून फैला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बाद में पुलिस ने किशोरी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने घटना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजने का आदेश दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।



