अंबिकापुर 30 सितंबर 2026। अंबिकापुर में प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास स्थित बेशकीमती जमीन से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। रिंग बांध तालाब की भूमि को कथित रूप से पाटने और आदिवासी जमीन के दस्तावेजों में कूटरचना कर नामांतरण कराने के मामले में आरोपित आजाद इराकी को अदालत से जमानत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अब इसे चुनौती देने का निर्णय लिया है। कलेक्टर अजीत वसंत ने जमानत आदेश के विरुद्ध सक्षम न्यायालय में अपील प्रस्तुत करने के लिए उप संचालक अभियोजन को निर्देशित किया है।
गौरतलब है कि अंबिकापुर में बेशकीमती जमीन की कूटरचना कर खरीद-बिक्री के मामले में आरोपी आजाद इराकी को पुलिस ने 24 सितंबर 2026 को दर्ज मामले में रायपुर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में पेश किया गया, जहां 25 सितंबर को उसका जमानत आवेदन स्वीकार कर लिया गया। जमानत मिलने के बाद जिला प्रशासन अब न्यायालय में आदेश को चुनौती देने की तैयारी कर रहा है।
प्रशासन के मुताबिक प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास स्थित रिंग बांध तालाब की जमीन को अवैध रूप से पाटे जाने की शिकायत अप्रैल 2026 में मिली थी। इसके बाद राजस्व विभाग और नगर निगम के कर्मचारियों को तालाब से मिट्टी हटाने के निर्देश दिए गए। आरोप है कि इस कार्रवाई के दौरान आजाद इराकी ने शासकीय कार्य में बाधा डाली और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में मणिपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
आदिवासी भूमि के दस्तावेजों में कूटरचना का आरोप
जांच के दौरान खसरा नंबर 3714 से संबंधित राजस्व अभिलेखों की पड़ताल की गई। प्रशासन के अनुसार, वर्ष 1955-56 के अधिकार अभिलेख में यह जमीन आदिवासी वर्ग के व्यक्ति के नाम दर्ज थी।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की जांच में दस्तावेजों में कथित कूटरचना कर भूमि को गैर-आदिवासी के नाम पर अंतरित किए जाने की बात सामने आई। प्रशासन ने इसे छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 के प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जानकारी दी है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर 24 सितंबर 2026 को आजाद इराकी के खिलाफ एक और आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
नौ लोगों के खिलाफ दर्ज है मामला
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जमीन के कथित अवैध अंतरण और इससे जुड़े मामलों में आजाद इराकी सहित नौ लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, खसरा नंबर 3714 के नामांतरण की वैधता को लेकर राजस्व न्यायालय में भी कार्यवाही हुई है। प्रशासन के अनुसार, इस राजस्व प्रकरण में हाई कोर्ट ने आगामी सुनवाई तक रोक लगाई है। अब जिला प्रशासन का अगला कदम आजाद इराकी को मिली जमानत के आदेश को सक्षम न्यायालय में चुनौती देना है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय और जांच की स्थिति के आधार पर होगी।
जमानत आदेश में कई त्रुटियां
सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि उप संचालक अभियोजन ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजीत वसंत को प्रेषित अपने प्रतिवेदन में जमानत के उपरोक्त आदेश में कई त्रुटियों का उल्लेख किया गया है। प्रकरण की गंभीरता तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों को देखते हुए उपरोक्त जमानत आदेश के विरुद्ध तत्काल सक्षम न्यायालय में अपील करने हेतु उप संचालक अभियोजन को निर्देशित किया गया है।जिला प्रशासन की इस पहल से प्रतीक्षा बस स्टैंड के समीप रिंग बांध की जमीन के शासकीय उपयोग की संभावना को बल मिला है।



