रायपुर 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर सरकार ने कवायद तेज कर दी है। 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में सभी विभागों को तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने विभागों को अपनी-अपनी प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार करने और 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया गया है। इसमें ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषय शामिल होंगे। आयोजन में प्रदेश के विकास और भविष्य की संभावनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। मुख्य सचिव ने पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए हैं। संस्कृति विभाग को आयोजन का नोडल विभाग बनाया गया है।
नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में होगा आयोजन
राज्य स्तरीय समारोह नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर यानी मेला ग्राउंड में प्रस्तावित है। आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, स्टॉल, विकास प्रदर्शनी, बैठक व्यवस्था और बैरिकेडिंग की तैयारियों की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों को सौंपी गई है। विभागवार जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग मेला स्थल के ले-आउट, स्टॉल आवंटन, मुख्य मंच और पंडाल की व्यवस्था करेंगे। जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार के साथ हाईटेक मीडिया सेंटर तैयार करेंगे।
सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी फोकस
नगर निगम रायपुर और एनआरडीए को नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। वहीं, स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था संभालेंगे। समीक्षा बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और सचिव, रायपुर संभाग के आयुक्त, कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अब विभागों के सामने 22 अक्टूबर तक तैयारियों की जानकारी देने और नवंबर में होने वाले आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने की जिम्मेदारी है।


