रायपुर 27 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले ने पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। तकनीकी जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले जांजगीर-चांपा के एक युवक को पुलिस इस मामले में गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले की शुरुआत आनंद कुकरेजा को कथित तौर पर धमकी भरा फोन आने के बाद हुई। आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। जांच के दौरान रायपुर पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से WhatsApp और तकनीकी सुरागों को ट्रेस किया। इसके बाद जांजगीर-चांपा निवासी एक युवक को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि वह एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है।
होटल के सिक्योरिटी गार्ड से करवाया गया धमकी भरा फोन
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह बात सामने आई कि इसी युवक से आनंद कुकरेजा को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन करवाया गया था। जांच आगे बढ़ी तो शोएब ढेबर का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार देर रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। आरोप है कि इंटरनेट कॉल के लिए शोएब ढेबर की ओर से हॉटस्पॉट उपलब्ध कराया गया था। पुलिस अब मोबाइल, कॉल और इंटरनेट कनेक्शन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने बीजेपी नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया। इसके अलावा होटल के तीन कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने शोएब ढेबर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, प्रत्येक आरोपी की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही स्पष्ट होगी।
एजाज ढेबर से भी मांगे गए थे 50 करोड़
इस मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ा है क्योंकि इससे पहले रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम पर धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। एजाज ढेबर की शिकायत पर कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों मामलों के बीच कोई आपसी कनेक्शन है या नहीं।
आनंद कुकरेजा को मिली धमकी के मामले में पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, इंटरनेट कॉल, संपर्कों और पैसों से जुड़े संभावित लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि 25 करोड़ की रंगदारी की मांग के पीछे असली मकसद क्या था और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। मामले में पुलिस के विस्तृत खुलासे के बाद ही पूरी साजिश की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।


