बिलासपुर 22 सितंबर 2026।अगर आप सितंबर के आखिरी सप्ताह या अक्टूबर की शुरुआत में ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके काम की है। रेलवे के एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के चलते बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें निर्धारित तारीखों पर पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में राजेंद्र पुल-दीनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों के बीच नए रेल पुल को दोहरीकरण परियोजना से जोड़ने और दीनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्टिविटी का काम किया जाएगा। इसके लिए प्री-नान इंटरलाकिंग और नान इंटरलाकिंग कार्य प्रस्तावित है।
बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस इन तारीखों पर नहीं चलेगी
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 22843 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को रद रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22844 बक्सर-बिलासपुर एक्सप्रेस 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को रद रहेगी। ऐसे में इन तारीखों पर टिकट बुक करा चुके यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।
इन ट्रेनों का बदलेगा रूट
इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
- 17007 चर्लपल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस — 26 और 29 सितंबर को किउल-मुंगेर-बरौनी होकर दरभंगा जाएगी।
- 17008 दरभंगा-चर्लपल्ली एक्सप्रेस — 25 और 29 सितंबर तथा 2 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
- 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस — 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
- 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस — 27 सितंबर और 4 अक्टूबर को बदले हुए मार्ग से संचालित होगी।
परिवर्तित मार्ग के कारण यात्रियों को अपने सफर से पहले संबंधित ट्रेन का अपडेटेड रूट और समय जरूर देख लेना चाहिए।
अब सड़क यात्रियों के लिए भी जरूरी खबर
रेलवे के इसी क्षेत्र में नहरपाली रेलवे फाटक भी तीन रात बंद रहेगा। भूपदेवपुर-राबर्टसन स्टेशन के बीच स्थित मानव सहित समपार संख्या 301 पर आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाना है। रेलवे प्रशासन के अनुसार 22 सितंबर से 24 सितंबर तक हर रात रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नहरपाली फाटक सड़क यातायात के लिए बंद रहेगा। फाटक बंद रहने की अवधि में इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
खासकर स्थानीय लोगों और नियमित रूप से इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को रात के समय निकलने से पहले रास्ते की स्थिति देख लेने की सलाह दी जाती है। 25 सितंबर, 2 अक्टूबर और अन्य प्रभावित तारीखों पर यात्रा करने से पहले ट्रेन नंबर जरूर चेक करें। रद ट्रेनों के यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन की जानकारी लेनी होगी, जबकि परिवर्तित मार्ग वाली ट्रेनों में सफर करने वालों को रूट में बदलाव का ध्यान रखना होगा।


