कोरबा 13 सितंबर 2026। कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र से अंधविश्वास और जादू-टोने के शक से जुड़ा एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पनगवां में एक ग्रामीण की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि जादू-टोना करने के शक में एक महिला और उसके नाती ने वारदात को अंजाम दिया। हत्या की इस वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गचा। पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और महिला और उसके नाती को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक अंधविश्वास में हत्या की ये वारदात कोरबी पुलिस चैकी क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक ग्राम पनगवां में गुलाब सिंग कुरूम अपने परिवार के साथ रहता था। उसके पड़ोस में इतवरिया कुरूम का परिवार रहता है। बताया जा रहा है कि शनिवार को गुलाब सिंग इतवरिया कुरूम के घर के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान इतवरिया बाई ने गुलाब सिंह पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया और उसे मारने की बात कहने लगी। इसी बीच उसका नाती दुर्गेश भी मौके पर पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान दुर्गेश ने गंडासे से गुलाब सिंह की गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इतवरिया कुरूम और उसके नाती दुर्गेश सिंग को गिरफ्तार कर लिया।
परिवार के बीमार रहने को लेकर था शक
पुलिस की पूछताछ में आरोपी इतवरिया बाई ने बताया कि उसके परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे। इसी वजह से उसे गुलाब कुरूम पर जादू-टोना करने का शक था। इसी अंधविश्वास के चलते विवाद बढ़ा और मामला हत्या तक पहुंच गया। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक से होने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज बीमारी और उसके कारणों को लेकर किए गए कथित शक ने एक परिवार को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर किया, जिसका नतीजा एक ग्रामीण की निर्मम हत्या के रूप में सामने आया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


