रायपुर 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी भी जारी हैं। प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बस्तर के ऊपर बने मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। खासतौर पर रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 13 सितंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ में कुल 988.5 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य वर्षा के मुकाबले 99.9 फीसदी है। वहीं पिछले 10 वर्षों का ऐतिहासिक औसत 989.9 मिमी रहा है। यानी इस साल अब तक प्रदेश में बारिश लगभग सामान्य स्तर पर है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में औसतन 12.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दंतेवाड़ा में सबसे ज्यादा 46.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बलरामपुर में अब तक सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
जिले में कुल 1482.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य औसत का 177 फीसदी है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 146.3 फीसदी, रायपुर में 131.8 फीसदी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 127.1 फीसदी और महासमुंद में 125.7 फीसदी बारिश दर्ज की गई है। वहीं प्रदेश के कुछ जिलों में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है। बेमेतरा में 563.8 मिमी यानी सामान्य का 78.2 फीसदी बारिश दर्ज हुई है। सरगुजा में भी अब तक 589.4 मिमी यानी 79.7 फीसदी बारिश हुई है।
बस्तर के कुछ जिलों में बारिश की कमी
बस्तर संभाग के कुछ जिलों में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। कांकेर में 924.5 मिमी यानी 67.1 फीसदी, सुकमा में 975.2 मिमी यानी 70.5 फीसदी और बीजापुर में 1313 मिमी यानी 74.7 फीसदी बारिश हुई है। हालांकि नारायणपुर में 1352.7 मिमी और दंतेवाड़ा में 1216 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे इन जिलों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है।
इन जिलों में बारिश की स्थिति सामान्य के आसपास
मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश सामान्य के करीब रही है। बिलासपुर में 963 मिमी, कोरबा में 1056.9 मिमी, दुर्ग में 742.4 मिमी, सक्ती में 927.8 मिमी और जशपुर में 894.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में बारिश का आंकड़ा 10 साल के औसत के लगभग 95 से 107 फीसदी के बीच है। वहीं राजनांदगांव, कबीरधाम, रायगढ़, कोंडागांव और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बारिश सामान्य से थोड़ी कम रही है।
आगे कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थमने वाली नहीं हैं। आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। हालांकि मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष की ओर से बारिश से प्रभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है।


