रायपुर 13 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि उन्होंने पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को ही निशाना बना डाला। आजाद चौक इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने पहुंची पुलिस टीम के वाहन से शातिर बदमाशों ने मोबाइल, करीब 2 से 3 हजार रुपए कैश और गमछा लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात पास ही स्थित साईं मंदिर के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक घटना 10 सितंबर की की बतायी जा रही है। यहां रात करीब 11 बजे आजाद चौक इलाके में ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा था। इसी दौरान आजाद चौक थाने की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पेट्रोलिंग वाहन को सड़क पर खड़ा किया और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों के वाहन से बाहर निकलते ही बदमाशों ने मौका भांप लिया। उन्होंने बेखौफ होकर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी के अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
कुछ देर बाद जब जवान वापस वाहन के पास पहुंचे तो मोबाइल और कैश गायब मिला। इसके बाद आसपास के CCTV कैमरों की जांच शुरू की गई। साईं मंदिर में लगे CCTV कैमरे में संदिग्ध युवक पेट्रोलिंग वाहन के आसपास घूमते और चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुट गई है। इसके साथ ही आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
इस वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों ने किसी आम नागरिक के वाहन को नहीं, बल्कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को ही निशाना बनाया। जिस वाहन में पुलिसकर्मी इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे थे, उसी वाहन से सामान चोरी कर बदमाशों ने अपने दुस्साहस का परिचय दिया है। इससे इलाके में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बदमाशों के बेखौफ होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही उनके खिलाफ कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


