जांजगीर-चांपा 12 सितंबर 2026। जांजगीर 12 सितंबर 2026। जांजगीर चांपा जिले में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद बवाल मच गया। बताया जा रहा है कि आबकारी के एक मामले में युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस कस्टडी में रखे जाने के दौरान ही शिव सहिस उर्फ गुल्लू की मौत के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस पर पिटाई से मौत का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने एक्शन लेते हुए चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही चांपा थाने की जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को सौंपी गई है। इससे पहले मामले में आरक्षक ईश्वरी राठौर को भी निलंबित किया जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक चांपा के मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस उर्फ गुल्लू को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज रहे हैं। हिरासत के दौरान शिव की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिव की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और चांपा थाने का घेराव कर दिया। मृतक की पत्नी बच्चों के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गई।
परिवार ने 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा बच्चों की पढ़ाई और भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने की मांग रखी। इसके अलावा परिजनों ने मामले में शामिल बताए जा रहे दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की भी मांग की है।मामले में सबसे बड़ा सवाल युवक की मौत की वजह को लेकर है। परिजनों ने पुलिस हिरासत में मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस की ओर से कहा गया है कि युवक की तबीयत बिगड़ी और उसे मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई थी। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी दी है। इसलिए फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पहले आरक्षक निलंबित, अब थाना प्रभारी समेत तीन पर कार्रवाई
मामले में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पहले आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित किया था। इसके बाद अब चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किए जाने से पुलिस विभाग की कार्रवाई और आगे बढ़ गई है। चांपा थाने की नई जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को दी गई है। घटना के बाद मामले में मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। प्रशासन की ओर से परिवार से बातचीत के बाद पत्नी को नौकरी और बच्चों की शिक्षा-भरण-पोषण को लेकर भी आश्वासन दिया गया है।फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और निष्पक्ष जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिव सहिस की मौत की वास्तविक वजह क्या थी। इस बीच चांपा में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस कस्टडी में हुई मौत और उसके बाद पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। अब निगाहें जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।


