रायपुर 6 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां शनिवार की रात नया रायपुर से लौट रहे चार युवक-युवतियों की कार सेरीखेड़ी के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि तेजर रफ्तार कार अचानक ओवरब्रिज के ऊपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टक्कर के बाद पलट गई। दुर्घटना में कार सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में श्निवार देर रात की बतायी जा रही है। पुलिस के मुताबिक कार क्रमांक सीजी 04 एनडब्ल्यू 7718 में चार लोग सवार थे। कार सवार युवक-युवती नया रायपुर की ओर से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सेरीखेड़ी के पास ओवरब्रिज पर पहुंचने के दौरान तेज रफ्तार कार एकाएक अनियंत्रित हो गई। और बेकाबू कार डिवाइडर से टकराने के बाद पटल गयी। इस भीषण हादसे में कार बुरी तरह से जहां क्षतिग्रस्त हो गयी।
वहीं दुर्घटना में कार में सवार शिवानी ठाकुर को गंभीर चोटें आने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार अनंत सोनकर निवासी रामबाग, धमतरी, प्रखर सोनकर निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर और सेजल सोनकर निवासी कोटा, रायपुर घायल हुए हैं। तीनों घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस कार की गतिए चालक के नियंत्रण और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।


