राजनांदगांव 5 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के गैंदाटोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आयी है। स्कूल के शिक्षक पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और गलत व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक द्वारा परीक्षा में पास कराने के नाम पर छात्रा से फीजिकल रिलेश्न बनाने की बात कही थी। शिक्षक के इस गंदे व्यवहार पर स्कूली छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी। जिसके बाद पुलिस ने स्कूल के शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी&एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में रमीज कुरैशी को सह-आरोपी बनाया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ये घटनाक्रम राजनांदगांव जिले के गैंदाटोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक तिलक यदु कई वर्षों से इसी स्कूल में पदस्थ है और हिंदी तथा सामाजिक विज्ञान पढ़ाता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छात्रा जब करीब तीन साल पहले कक्षा 9वीं में पढ़ती थी, तब भी उसे रमीज कुरैशी के माध्यम से परीक्षा में पास कराने का संदेश भेजकर संबंध बनाने की बात कही गई थी। शिक्षक के कथित व्यवहार से कई छात्राओं के परेशान होने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र की कुछ महिलाओं ने मामले को पुलिस तक पहुंचाने का फैसला किया।
1 सितंबर को गैंदाटोला थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी शिक्षक तक पहुंचने के बाद छात्रा और उसे थाने ले जाने वाली महिलाओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। क्षेत्र के कुछ नेताओं और पुलिसकर्मियों पर भी मामले को रफा-दफा कराने की कोशिश के आरोप लगाए गए हैं। मामले में सबसे गंभीर सवाल शिकायत के बाद हुई कथित देरी को लेकर उठ रहे हैं। एक आदिवासी छात्रा की शिकायत के बाद करीब चार दिनों तक कथित तौर पर समझौते और मान-मनौव्वल की कोशिश चलती रही।
आरोप है कि शिक्षक ने थाना स्टाफ और क्षेत्र के कुछ प्रभावशाली लोगों के माध्यम से माफी मांगकर दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिलाया। हालांकि छात्रा कार्रवाई की मांग पर कायम रही। शुक्रवार को महिलाएं छात्रा को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचीं और एएसपी कीर्तन राठौर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शिक्षक तिलक यदु को गिरफ्तार कर लिया।एएसपी कीर्तन राठौर के अनुसार छात्रा की शिकायत पर शिक्षक और उसके सहयोगी के खिलाफ पॉक्सो तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सह-आरोपी रमीज कुरैशी की तलाश जारी है।
राजनांदगांव जिले में सामने आई इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा, शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और कथित दबाव के जरिए मामले को दबाने की कोशिश जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच में यह सामने आना महत्वपूर्ण होगा कि शिकायत के बाद चार दिनों तक क्या हुआ, समझौते की कोशिश के आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या रही। फिलहाल शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ रही है और पुलिस फरार बताए जा रहे सह-आरोपी की तलाश में जुटी है।


