मुंगेली 2 सितंबर 2026। मुंगेली जिले में हुए डबल मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। लोरमी थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव में भाई-भाभी की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के सगे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पैतृक जमीन के बंटवारे और खेत की मेड़ को लेकर चल रहे विवाद के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। मृतकों की पहचान नंदकुमार कश्यप (56) और उनकी पत्नी गौरी बाई कश्यप (52) के रूप में हुई है. वहीं, पुलिस ने मामले में नंदकुमार के भाई नंदु कश्यप को गिरफ्तार किया है। दोनों परिवार खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक 25 अगस्त को मृतक के बेटे मोहन कश्यप ने लोरमी थाने में घटना की सूचना दी थी। मोहन ने बताया कि 18 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उसकी अपनी मां से फोन पर बात हुई थी, इसके बाद मोबाइल का रिचार्ज खत्म हो गया। 23 अगस्त को रिचार्ज कराने के बाद मोहन ने अपने माता-पिता को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। लगातार संपर्क नहीं होने पर उसने अपने चाचा नंदु कश्यप को घर जाकर देखने के लिए कहा। 24 अगस्त को नंदु ने बताया कि घर के बाहर से ताला लगा हुआ है। इसके बाद मोहन और उसका भाई बिलासपुर से नवलपुर पहुंचे।
घर के अंदर से दुर्गंध आ रही थी, ताला तोड़कर अंदर जाने पर दोनों ने अपने माता-पिता को अलग-अलग बिस्तरों पर मृत पाया। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के पास करीब 8 एकड़ पैतृक जमीन थी, इसमें दोनों भाइयों को 3-3 एकड़ जमीन मिली थी, जबकि करीब 1 एकड़ जमीन बहन के नाम की गई थी। करीब 50 डिसमिल जमीन माता-पिता के पास थी। बताया गया कि माता-पिता की देखभाल करने के कारण यह जमीन नंदु को मिलने वाली थी। बाद में नंदकुमार ने इसमें भी आधा हिस्सा मांग लिया, इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ता गया।
पुलिस के मुताबिक घटना से कुछ दिन पहले खेत की मेड़ को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। 16 अगस्त को नंदु ने अपने खेत में खाद डालकर मेड़ बनाई थी। आरोप है कि नंदकुमार ने मेड़ काट दी, जिससे खाद पानी के साथ बह गई। इसके बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद और गहरा गया। 17 अगस्त की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। उस समय नंदकुमार का साला केदार कश्यप मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद नंदु वहां से वापस चला गया। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे नंदु कथित तौर पर भाई की हत्या करने के इरादे से कुल्हाड़ी लेकर उसके घर पहुंचा।
आरोप है कि उसने पड़ोसी की बाड़ी की तरफ से मकान की बाउंड्री पार की और छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। सीढ़ियों से नीचे आने पर उसने देखा कि नंदकुमार और गौरीबाई बरामदे में अलग-अलग जगह सो रहे थे। आरोपी ने सोते हुए नंदकुमार के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले की आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं। उन्होंने आरोपी को पहचान लिया, अपनी भाभी पर भी कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की मौत की पुष्टि करने के बाद आरोपी ने वारदात के निशान मिटाने की कोशिश की।
पुलिस को गुमराह करने के लिए खोले कमरे और अलमारी
हत्या के बाद आरोपी ने जांच को भटकाने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए. इसके बाद आंगन में रखे पानी से अपने हाथ-पैर और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को धोया। इसके बाद आरोपी ने घर के बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ऐसा इसलिए किया ताकि पहली नजर में मामला किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा हत्या या चोरी की घटना जैसा लगे। पुलिस ने नंदु कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल वाले मकान से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।


