गरियाबंद 27 अगस्त 2026। गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजापड़ाव मोड़ के पास एक मालवाहक पिकअप और इनोवा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के वक्त इनोवा कार में गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप सवार थे। बताया जा रहा है कि इस भीषण हादसे में इनोवा कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप अपनी इनोवा कार से राजधानी रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजापड़ाव मोड़ के पास सामने से आ रही मालवाहक पिकअप से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात यह रही कि जिला पंचायत अध्यक्ष को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई।
हादसे की जगह जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे का यह हिस्सा सिंगल लेन है। ऐसे में दोनों दिशाओं से आने वाले वाहनों के आमने-सामने आने पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस हादसे ने एक बार फिर इस सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर इसलिए क्योंकि करीब एक महीने पहले इसी इलाके में देवभोग के रेंजर की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद स्थानीय स्तर पर सड़क की स्थिति, चौड़ीकरण और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


