बलरामपुर 26 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपए के जेवर और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने बिहार के रोहतास से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 39 लाख रुपए कीमत की 14.175 किलो चांदी बरामद की गई है.
जानकारी के मुताबिक वाड्रफनगर के अरविंद ज्वेलर्स में 16-17 अगस्त की दरम्यानी रात चोरों ने धावा बोला था. आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए. जाते समय आरोपियों ने दुकान में लगा डीवीआर भी निकाल लिया था. दुकान संचालक अरविंद सोनी ने पुलिस को बताया था कि करीब 20 किलो चांदी के जेवर, करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण, जिसमें मंगलसूत्र समेत अन्य जेवर शामिल थे, और नगदी चोरी हुई है.
मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
मामले की जांच के लिए साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई. पुलिस ने वारदात की रात ज्वेलरी दुकान के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की. इनमें कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर ऐसे मिले, जिनकी लोकेशन घटना के समय वाड्रफनगर में थी.जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात से करीब दो दिन पहले वाड्रफनगर इलाके में रुके थे. पुलिस ने स्थानीय CCTV फुटेज के साथ आरोपियों के संभावित भागने के रास्ते की चार राज्यों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके बाद पुलिस को आरोपियों की पहचान और उनके बिहार पहुंचने का सुराग मिला.
पुलिस ने बिहार के रोहतास से सोनू कुमार चौधरी (21), शंकर चौधरी (55), नरेन्द्र चौधरी (40), लीलू चौधरी (19), राजकुमार चौधरी (20) और अंगद चौधरी (24) को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर दिनारा, रोहतास से चोरी के जेवर खरीदने वाले सुनार सुनील कुमार सोनी (38) को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसके पास से चांदी गलाकर तैयार की गई 14.175 किलो चांदी बरामद की है.
पिकअप में बाइक लेकर आए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिकअप वाहन में सवार होकर वाड्रफनगर पहुंचे थे. उनके साथ पिकअप में एक बाइक भी थी. आरोपियों ने पिकअप को जंगल के पास खड़ा कर दिया और बाइक से बारी-बारी ज्वेलरी दुकान के पास पहुंचे. शटर तोड़कर चोरी करने के बाद आरोपी बाइक से पिकअप तक पहुंचे और फिर रघुनाथनगर, बैढ़न होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचे. इसके बाद वे बिहार के रोहतास चले गए.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की ज्वेलरी रोहतास के सुनार को बेच दी थी. जेवर बेचने से मिले पैसे के बाद आरोपी घूमने निकल गए थे. पुलिस अब चोरी किए गए बाकी सोने के जेवर और नगदी की बरामदगी के साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. बलरामपुर पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मोबाइल लोकेशन, स्थानीय CCTV और चार राज्यों के CCTV फुटेज को जोड़कर जांच की गई, जिसके आधार पर पुलिस बिहार तक पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.


