रायपुर 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। रायपुर में शनिवार सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है, जिससे सुंदरनगर इलाके में महादेवघाट रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
अगले दो दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण सुंदरनगर क्षेत्र में महादेवघाट रोड पर पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण कई निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनने लगी है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बारिश के बीच बिलासपुर जिले के मल्हार से ऐसी तस्वीर सामने आई, जहां लीलागर नदी पार करते समय दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में फंस गए।
नदी का पानी अचानक बढ़ने और तेज बहाव के कारण दोनों युवक बीच में फंस गए। इसी दौरान मनाडेरा के मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट ने अपनी जान की परवाह किए बिना मदद के लिए आगे बढ़े। तीनों ने लकड़ी की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया। युवकों की जान बचाने वाले तीनों लोगों को एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बारिश और नदी के तेज बहाव का असर मनेंद्रगढ़ में भी दिखाई दिया। जनकपुर के पास गोहड़ारी नदी पर बनी करीब 50 साल पुरानी पुलिया तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि पुलिया के खंभे टूटने से करीब 70 फीसदी हिस्सा खराब हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए यहां भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इसके बावजूद लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। खासकर बारिश के दौरान नदी, नाले और क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है। फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है और अगले सात दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की जरूरत है।


