रायपुर13 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम में बदलाव के बीच पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
वहीं बिलासपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। बारिश के दोबारा जोर पकड़ने से निचले इलाकों में जलभराव और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है। बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे के बीच मंगलवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां बिजली गिरने से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) के रूप में हुई है। दोनों जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं।
बताया गया कि दोनों महिलाएं खेत में धान की रोपाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। हादसे में 20 से ज्यादा मजदूरों के घायल होने की भी जानकारी है। घायलों को सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। ऐसे में खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी जाती है।
खासकर बारिश के दौरान खेतों में काम कर रहे लोगों को मौसम खराब होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश सामान्य से कम रही है। 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 8 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बारिश राज्य के मानसूनी आंकड़ों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। अगले तीन दिन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे, क्योंकि कई इलाकों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।


