बलरामपुर 8 अगस्त 2026। बलरामपुर जिले में बाल नहीं कटवाने को लेकर स्कूली छात्रों की बेरहमी से पिटाई के मामले में डीएवी के दो शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। आपको बता दे वाड्रफनगर स्थित प्रेमनगर डीएवी पब्लिक स्कूल में छात्रों के साथ बुरी तरह से मारपीट का मामला सामने आया था। स्कूल के सीसीटीवी कैमरें में घटना का वीडियों मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने दो शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला वाड्रफनगर स्थित प्रेमनगर डीएवी पब्लिक स्कूल का है। पीड़ित छात्र के परिजनों के मुताबिक बाल नहीं कटवाने को लेकर शिक्षक शुभम गुप्ता ने दोनों छात्रों की डंडे से पिटाई की थी। मारपीट के बाद बच्चों के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए थे। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद बच्चों को इस बारे में घर पर जानकारी देने से मना किया गया था। वहीं एक छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई।
इसके बाद बच्चों से पूछताछ की गई, तब उन्होंने स्कूल में हुई कथित मारपीट की घटना के बारे में बताया। मामले में CCTV फुटेज भी सामने आया, जिसे लेकर परिजनों ने दावा किया कि इसमें छात्रों के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही है। इसके बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब मामले में स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर स्कूलों में अनुशासन के नाम पर छात्रों को शारीरिक दंड दिए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की होती है। किसी नियम का उल्लंघन होने पर अभिभावकों को जानकारी देना और संस्थागत तरीके से कार्रवाई करना अपेक्षित है। ऐसे में बच्चों के साथ कथित मारपीट की घटना ने स्कूल की अनुशासन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से दो शिक्षकों को बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है। अब निगाह इस बात पर है कि मामले में आगे कोई विभागीय या कानूनी कार्रवाई होती है या नहीं।

