सक्ती 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पलाड़ी खुर्द स्थित एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास में 9वीं कक्षा के एक छात्र का शव बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक मृतक छात्र की पहचान ग्राम बासिन निवासी उमेश कंवर के रूप में हुई है, जो एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं का छात्र था। बुधवार सुबह जब अन्य छात्र बाथरूम पहुंचे तो उमेश को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि छात्रावास की व्यवस्थाओं और निगरानी को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर आवासीय विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। ऐसे संस्थानों में जहां बच्चे अपने परिवार से दूर रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं, वहां सुरक्षा, नियमित काउंसलिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है, जिससे इस मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।


