दुर्ग 6 अगस्त 2026। दुर्ग जिले में शातिर बदमाशों ने दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर एक शिक्षिका से लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस की सख्ती के बाद भी दिनदहाड़े हुए इस लूट की वारदात से जहां आम लोग दहशत में है, वहीं कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
जानकारी के मुताबिक लूट की ये वारदात अमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि महिला शिक्षिका योगिता ई.रिक्शा से जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने एकाएक ई.रिक्शा का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने हथियार दिखाकर शिक्षिका को धमकाया और लूटपाट शुरू कर दी। जब शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उनके साथ झूमाझटकी कर मारपीट कर फरार हो गये।
उधर दिनदहाड़े हुए इस लूटकांड की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हालांकि दिनदहाड़े हुई इस लूट वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी अब खुलेआम हथियार के दम पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह मामला भी कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की चुनौती को सामने लाता है।

