सरगुजा 6 अगस्त 2026। सरगुजा जिले में नाबालिग आदिवासी छात्रा से रेप के मामले में फरार चल रहे उप सरपंच के पति को पुलिस ने बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। आरोपी का सुराग मिलने पर पुलिस की टीम ने पटना में छापामार कार्रवाई की, जहां आरोपी अपनी महिला मित्र के साथ छिपा हुआ था। वहीं घटना के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक दिन पहले ही सर्व आदिवासी समाज ने उग्र प्रदर्शन किया था।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र में ये वारदात 20 जुलाई को घटित हुई थी। पीड़ित छात्रा के मुताबिक वह महिला उपसरपंच के घर पर काम करने गयी हुई थी। जहां उपसरपंच केे पति तरुण कुमार जायसवाल ने छात्रा को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। वहीं इस घटना के बाद पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया कि अगले दिन 21 जुलाई को आरोपी उसके घर पहुंचा और बच्ची के पिता को 8 लाख रुपए देने का प्रस्ताव दिया और इस संबंध में एक पंचनामा भी तैयार कराया।
यही नही पुलिस में अपराध दर्ज कराने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपी की धमकी के बाद गुस्साये आदिवासी समाज के सैकड़ों लोगों ने 22 जुलाई कोतवाली थाना पहुंचे। यहां पीड़ित परिवार और छात्रा ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज करायी थी। लेकिन पुलिस इस मामले में कार्रवाई करती, उससे पहले ही आरोपी अंबिकापुर से फरार हो चुका था। भागने के दौरान आरोपी ने सूरजपुर जिले के रनहत स्थित अपने ससुराल में कार छोड़ दी और वहां से फरार हो गया। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने आरोपी की लाइसेंसी 12 बोर बंदूक भी जब्त कर ली थी। इस प्रकरण में पुलिस को आरोपी की महिला मित्र पर संदेह होने के बाद उसका मोबाइल भी सर्विलांस पर लगाया गया था। बुधवार शाम कुछ देर के लिए महिला मित्र का मोबाइल चालू हुआ, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई। जिसके बाद अंबिकापुर पुलिस की सूचना पर पटना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद सरगुजा पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अंबिकापुर लाने के लिए पटना रवाना हो गई।

