कोरबा 1 अगस्त 2026। कोरबा जिले में यूनियन बैंक में सेंधमारी कर चोरी की कोशिश करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र बड़कऔर परवीन कुमार के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक 4 जून 2026 को यूनियन बैंक, प्रगतिनगर दीपका के शाखा प्रबंधक ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि देर रात अज्ञात बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसने और चोरी करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में थाना दीपका पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।लगातार जांच के बाद पुलिस टीम हरियाणा के रोहतक पहुंची, जहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई टोयोटा हाइराइडर कार (CG 12 AY 6504) जब्त की है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
अन्य वारदातों से भी जुड़ सकते हैं तार
कोरबा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी किसी अन्य राज्य या जिले में बैंक सेंधमारी या चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराधों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

