बलोद 30 जुलाई 2026। बलोद जिले में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि मूंछ पर ताव देने और गला काटने का इशारा करने से नाराज पिता-पुत्र ने 30 वर्षीय युवक पर लोहे की रॉड और पाइप से बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान रायपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा की है। बताया जा रहा है कि 28 जुलाई की शाम हितेश सिन्हा अपने रिश्तेदार गौरव सिन्हा और गांव के प्रकाश निषाद के साथ बाइक से अर्जुन्दा जा रहा था। शाम करीब छह बजे जब वे ग्राम खैरा के तालाब के पास पहुंचे, तभी सामने से गांव के हीरामन सिन्हा और उसका बेटा कामेंद्र सिन्हा बाइक से पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया।
इसके बाद लोहे के पाइप और रॉड से हितेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन घायल हितेश को पहले स्थानीय अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान करीब 18 घंटे बाद बुधवार दोपहर उसकी मौत हो गई। इसके बाद गांव के मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि हितेश और आरोपी हीरामन सिन्हा के बीच साल 2022 से विवाद चल रहा था।
दोनों किसान हैं और दोनों परिवारों के बीच कई बार झगड़े हो चुके थे। एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायतें और एफआईआर भी दर्ज कराई गई थीं। पुलिस पूछताछ में आरोपी हीरामन सिन्हा ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर में उसने हितेश को गांव में देखा था। आरोपी का दावा है कि हितेश ने उसे देखकर मूंछ पर ताव दिया और गले पर हाथ फेरकर गला काटने का इशारा किया। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने बेटे के साथ मिलकर हमला किया।
आरोपी ने यह भी आरोप लगाया कि मृतक उनके खेत में निंदानाशक दवा डालकर फसल को नुकसान पहुंचाता था, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी हीरामन सिन्हा और उसके बेटे कामेंद्र सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

