अंबिकापुर 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित एक निजी स्कूल में छात्र के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ओपन बिरला माइंड इंटरनेशनल स्कूल की एक शिक्षिका ने एक छात्र से उसकी मां के लिए अश्लील गालियां नोटबुक में 100 से अधिक बार लिखवाईं। इतना ही नहीं, छात्र को वही नोटबुक घर ले जाकर अपने परिजनों को दिखाने के लिए भी दे दी गई। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों, छात्र संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। वहीं मामले के तूल पकड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने विवादित शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मामला अंबिकापुर के ओपन बिरला माइंड इंटरनेशनल स्कूल का है। परिजनों के मुताबिक छात्र को कथित तौर पर सजा के तौर पर उसकी मां के लिए अपमानजनक और अश्लील शब्द बार-बार लिखने के लिए कहा गया। जब छात्र नोटबुक लेकर घर पहुंचा, तो परिजनों ने नोट बूक देखी तो उनका माथा चकरा गया। मां के लिए लिखी गयी गंदी गालियों की जानकारी लेने पर छात्र ने स्कूल की शिक्षिका की करतूत बतायी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम पर खेद जताते हुए अभिभावकों से माफी मांगी है। प्रबंधन का कहना है कि इस तरह का व्यवहार स्कूल के मूल्यों और आचार संहिता के पूरी तरह विपरीत है तथा किसी भी परिस्थिति में इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। स्कूल प्रबंधन ने पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद अभिभावकों और छात्र संगठनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि अनुशासन के नाम पर किसी बच्चे से इस तरह का व्यवहार न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि इससे उसके मानसिक और भावनात्मक विकास पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें अन्य लोगों की भूमिका रही या नहीं।

