कोरबा 26 जुलाई 2026। कोरबा जिले में कबाड़ चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक तरफ पुलिस कप्तान की सख्ती के बाद जहां शहरी क्षेत्र के बड़े कबाड़ माफिया भूमिगत हो गये है। वहीं दूसरी तरफ जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में कबाड़ माफिया जमकर आतंक मचा रहे है। ताजा मामला एसईसीएल के बलगी सब स्टेशन का है, जहां 15 से 20 नकाबपोश बदमाशों ने शुक्रवार की देर रात धावा बोलकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला कर डकैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं ने न केवल स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सब-स्टेशन में शुक्रवार की देर रात को घटित हुई। घायल SECL के सुरक्षा गार्ड संजय कुमार के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे वह बलगी विद्युत सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान 15 से 20 की संख्या में बदमाश परिसर में घुस आए, उनके हाथों में डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार थे। गार्ड का आरोप है कि बदमाशों ने आते ही बिना किसी बातचीत के उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गार्ड संजय कुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। विरोध करने पर आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की और इसके बाद सब स्टेशन से सामानों की चोरी कर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल गार्ड ने किसी तरह अपने साथियों को सूचना दी, जिसके बाद उसे लहूलुहान हालत में देर रात ही एसईसीएल के विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल गार्ड ने बताया कि बलगी सब स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण विद्युत केंद्र में अक्सर रात की पारी में एक ही गार्ड की ड्यूटी लगायी जाती है। पहले अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। घायल गार्ड ने बताया कि इससे पहले भी यहां चोरी की कोशिशें हो चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई, जिसका फायदा अक्सर कबाड़ चोर उठाते है। शनिवार की रात हुए इस घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
सुराकछार माइंस में भी हो चुकी है बड़ी वारदात
यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल की सुराकछार माइंस में 20-25 की संख्या मे कबाड़ चोरों ने 26 जून 2026 की रात सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाकर मारपीट की थी। खदान के हाजिरी बाबू विश्वनाथ राठौर के साथ मारपीट कर मोबाइल और 4500 रूपये की लूट करने के साथ ही काॅपर केबल और अन्य सामग्री की चोरी कर फरार हो गये थे। उस घटना ने भी औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। एक महीने के भीतर लगातार दूसरी बड़ी वारदात से यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कबाड़ चोरों का नेटवर्क इतना सक्रिय कैसे हो गया ? पुलिस कप्तान की सख्ती के बाद भी आखिर बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में कबाड़ माफिया के आतंक पर पुलिस प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लगा पा रही है ? ये वो सवाल है जिसने उपनगरीय क्षेत्रों में कबाड़ माफियाओं के बुलंद हौसलों का जग जाहिर करने के साथ ही बांकी मोंगरा पुलिस की कार्य प्रणाली औैर कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।
एसईसीएल प्रबंधन की भी गंभीर लापरवाही उजागर
एसईसीएल बलगी सब स्टेशन में हुए इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि एसईसीएल प्रबंधन की कार्य प्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिये है। कहने के लिए एसईसीएल प्रबंधन के पास विभागीय सुरक्षा टीम के साथ ही सीआईएसएफ और त्रिपुरा रायफल्स की बड़ी टीम है। लेकिन प्रबंधन के जवाबदार अधिकारी छोटी खदानों और संवेदनशील क्षेत्रों में हथियार बंद जवानों की तैनाती नहीं की जाती। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद भी अफसर सबक न लेकर अपने कर्मचारियों की जान के साथ खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे है। घायल गार्ड की माने तो सब-स्टेशन के क्षेत्र में पर्याप्त रौशनी की भी व्यवस्था नहीं है, विभाग के फोरमेन ने सुरक्षा के लिहाज से अपने पैसों से ट्यूब लाइट खरीदकर कैंपस में लगाये हुए है। घायल गार्ड के इस खुलासे ने एक बार फिर एसईसीएल प्रबंधन की जवाबदारी औैर संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बलगी सब-स्टेशन में हुए इस वारदात के बाद पुलिस एक बार फिर घटना की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की दलील दे रही है। की बांकीमोंगरा पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और हिंसक वारदातों के बीच अब लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस गिरोह के सरगना तक कब पहुंचती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते कोई ठोस कदम उठाए जाते है या फिर किसी बड़ी वारदात के बाद पुलिस महकमा हरकत में आयेगा, ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा।

