भिलाई 23 जुलाई 2026। भिलाई में आज तड़के रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार ने एक बार फिर दो युवको के लिए जानलेवा साबित हुई। सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने इस घटना पर मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी हैै। पुलिस की प्राथमिक जांच में कार के अंदर से शराब की बोतल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4 बजे सेक्टर-9 से सेक्टर-6 जाने वाले मार्ग पर गुंडिचा मंडप के सामने हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार क्रमांक CG 07 MB 5986 तेज गति में थी और अचानक नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास के रूप में हुई है।
दोनों सेक्टर-6, भिलाई के निवासी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मरच्यूरी में रखा गया है। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कार से शराब की बोतलें और नमकीन भी बरामद हुए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना का कारण केवल तेज रफ्तार थी या चालक शराब के प्रभाव में था। इसकी पुष्टि जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें।

