गरियाबंद 22 जुलाई 2026। गरियाबंद जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-130C पर बुड़गेलटप्पा के पास ट्रक और बोलेरो के बीच हुई भीषण भिड़ंत में देवभोग वन परिक्षेत्र के रेंजर अश्वनी मुरचूलिया की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार रेंजर अश्वनी मुरचूलिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अश्वनी मुरचूलिया देवभोग वन परिक्षेत्र में रेंजर के पद पर पदस्थ थे।
उनके आकस्मिक निधन की खबर से वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा शोक है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

