जांजगीर-चांपा 22 जुलाई 2026। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निवेशकों से 2.04 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई, लेकिन वादा पूरा करने के बजाय अधिकांश पैसा हड़प लिया। पुलिस ने फरार चल रहे शातिर ठग दंपति को नया रायपुर से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम कम समय में दोगुनी होने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर शिकायतकर्ता सहित कई लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये आरोपियों के खातों में जमा कर दिए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने निवेशकों को केवल 39 लाख 99 हजार 400 रुपये ही वापस किए। जबकि शेष राशि लौटाने के नाम पर लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में उन्होंने पैसा वापस देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस निवेश घोटाले में कितने अन्य लोग शिकार बने हैं तथा क्या आरोपियों का नेटवर्क अन्य जिलों तक भी फैला हुआ था।

