सूरजपुर 22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी अस्पताल की गरिमा को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में कथित तौर पर शराब और मांसाहार की पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। विभाग का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य कर्मचारियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक 20 जुलाई को लटोरी सीएचसी परिसर में कुछ कर्मचारियों के शराब और मांसाहार सेवन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा और फार्मासिस्ट ग्रेड-2 रंजीत जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि अस्पताल परिसर में इस तरह की गतिविधियां सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन हैं
सीएमएचओं ने स्पष्ट किया कि ऐसी लापरवाही और मनमानी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीएमएचओ ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच में किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद जिले में सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठने लगे हैं। मरीजों के इलाज के लिए बने अस्पताल परिसर में कथित शराब पार्टी का वीडियो सामने आने से स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है। अब जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं कि इस मामले में और किन लोगों की जिम्मेदारी तय होती है।

