बिलासपुर 22 जुलाई। बिलासपुर जिले में धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई, जब मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। दर्दनाक हादसे में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य श्रमिक घायल हो गए। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव के श्रमिक गांव के ही एक किसान के खेत में धान की रोपाई करने ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। सुबह कच्चे रास्ते से गुजरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई और उसमें सवार कई मजदूर ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बिना देर किए ट्रॉली को उठाकर उसके नीचे दबे श्रमिकों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को निकाला गया, लेकिन दो महिला मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रमिकों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि कच्ची सड़क और ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस चालक, घायल श्रमिकों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान ग्रामीण इलाकों में धान रोपाई का काम तेज़ी पर है। ऐसे में मजदूरों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक साथ ले जाने की घटनाएं आम हैं। लेकिन कच्चे और फिसलन भरे रास्तों पर क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर सफर कराना लगातार हादसों की वजह बन रहा है। बिलासपुर की यह घटना एक बार फिर ग्रामीण परिवहन सुरक्षा और खेतों तक मजदूरों को ले जाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

