दुर्ग, 21 जुलाई 2026। दुर्ग जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मजदूरी के लिए घर से निकली एक महिला को दो युवकों ने पहले सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो दोनों आरोपियों ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। गमछे से गला घोंटने के बाद सिर और चेहरे पर भारी पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के महज कुछ घंटों के भीतर पुलगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई की सुबह भगवंतीन साहू रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने भगवंतीन साहू की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी दौरान पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल में परिजनों ने शव की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम में सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटों के साथ हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलगांव थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी नितेश ठाकुर और हर्ष यादव घटना वाले दिन लगातार शराब पी रहे थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई।
दोनों ने पैसों का लालच देकर उसे ई-रिक्शा से पुलगांव नाला स्थित पुराने पुल के पास सुनसान जगह ले गए। पुलिस के अनुसार वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। गिरफ्तारी के डर से दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस जांच के मुताबिक, पहले हर्ष यादव ने गमछे से महिला का गला दबाया। इसके बाद नितेश ठाकुर ने पास पड़े बड़े बोल्डर पत्थर से महिला के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। बाद में हर्ष ने भी उसी पत्थर से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से भाग निकले। रास्ते में कपड़े बदलकर और उन्हें धोकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों ने खोला राज
पुलगांव पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की गई। हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई तो पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपी टूट गए और हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

