नारायणपुर 18 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस सैलरी पैकेज इंश्योरेंस क्लेम के नाम पर कमीशन मांगने के मामले में पुलिस ने अपने ही विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं इस मामले में एक अधिवक्ता के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
नारायणपुर एसपी संदीप पटेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोतवाली थाना में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाले इंश्योरेंस क्लेम का लाभ दिलाने के एवज में दो लोगों द्वारा नियमों के विपरीत कमीशन की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक सुरेश चंद यादव के साथ ही एक वकील पर आरोप लगाये गये थे।
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया?, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में कथित रूप से शामिल एक अधिवक्ता के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। उसकी भूमिका की जांच जारी है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि मामला केवल दो लोगों तक सीमित है या इसमें किसी अन्य की भी भूमिका रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

