रायपुर 16 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अब आईपीएस अधिकारी जयंत वैष्णव को सौंप दी है। उन्हें मुख्यमंत्री सुरक्षा का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री सुरक्षा का यह पद पिछले पुलिस फेरबदल के बाद से खाली था।
तत्कालीन एसपी हरीश राठौर का तबादला कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में होने के बाद इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर नई नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा था। अब सरकार ने जयंत वैष्णव को इस पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए सुरक्षा व्यवस्था को नई कमान दे दी है। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, जयंत वैष्णव तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा यह पद पुलिस विभाग की सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में गिना जाता है, जहां सुरक्षा प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की अहम भूमिका होती है। पुलिस महकमे में इस नियुक्ति को हालिया प्रशासनिक पुनर्संरचना का हिस्सा माना जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।

