रायपुर 14 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों युवतियों ने कारोबारी को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसे वसूले। गिरफ्तार युवतियों में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका और दूसरी कॉलेज की छात्रा बताई जा रही है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता जयंत चौधरी न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी, शंकर नगर का निवासी है। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी कि मई 2026 में उनकी मुलाकात गुढ़ियारी थाने में नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। इसके बाद दोनों ने नौकरी और ब्यूटी पार्लर खोलने के नाम पर उनसे लगातार पैसों की मांग शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिकए 14 जून को दोनों युवतियों ने कारोबारी को मिलने के लिए बुलाया।
आरोप है कि मुलाकात के दौरान कार में नशीली सिगरेट जलाई गई, जिससे कारोबारी को चक्कर आने लगे। इसके बाद दोनों युवतियां उसे घर छोड़ने के बहाने साथ गईं और उसके फोटो व वीडियो बना लिए। पीड़ित का आरोप है कि अगले ही दिन से दोनों युवतियों ने उन फोटो और वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे बड़ी रकम की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक बदनामी के डर से कारोबारी ने 25 जून को तरुण नगर हाट बाजार के पास दोनों युवतियों को 25 हजार रुपये नकद दिए।
इसके बावजूद आरोपियों की मांग खत्म नहीं हुई। आरोप है कि 1 जुलाई को दोनों कारोबारी के कार्यालय के बेसमेंट तक पहुंच गईं और उसकी कार से पैसों से भरा बैग निकालने का प्रयास किया। इतना ही नहीं 10 जुलाई को दोनों युवतियां कथित तौर पर कारोबारी के कार्यालय में घुस गईं और कर्मचारियों के सामने हंगामा करते हुए दोबारा बड़ी रकम नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी दी।
दोनों युवतियों की इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर कारोबारी ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद ब्लैकमेलिंग और अवैध उगाही सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने बताया कि शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को ब्लैकमेलिंग से जुड़े साक्ष्य मिले है, जिसके आधार पर दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

