कोरबा 9 जुलाई 2026। कोरबा जिले में राजस्व विभाग में व्याप्त लापरवाही और लेटलतीफी पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सख्त रुख अपनाया है। तहसील कार्यालय बरपाली के औचक निरीक्षण में नकल शाखा के कामकाज में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद कलेक्टर ने नकल शाखा प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के इस एक्शन के बाद राजस्व विभाग में मनमानी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक 3 जुलाई को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बरपाली तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नकल शाखा में पक्षकारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर दस्तावेजों की नकल उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। कई मामलों में नियत तिथि बीत जाने के बावजूद आवेदकों को प्रतियां नहीं मिली थीं, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। निरीक्षण के बाद अनुविभागीय अधिकारी ‘राजस्व‘ और तहसीलदार बरपाली ने अपनी जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी।
रिपोर्ट में नकल शाखा प्रभारी द्वारा कार्यों के निष्पादन में गंभीर लापरवाही की पुष्टि होने पर कलेक्टर ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-03 घनश्याम सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता और कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

