कोरबा, 1 जुलाई 2026। कोरबा शहर के पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठने और दुकान से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान संचालक और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को कोरबा शहर में साप्ताहिक अवकाश के कारण अधिकांश दुकानें बंद थीं। देर रात स्थानीय लोगों की नजर पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर से निकल रहे धुएं पर पड़ी। इसके बाद दुकान संचालक को सूचना दी गई। शटर खोलकर देखा गया तो दुकान के भीतर आग तेजी से फैल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
समय रहते आग पर काबू पा लेने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान संचालक ने हाल ही में पास में ही अपना नया प्रतिष्ठान शुरू किया था और पुराने स्टोर का अधिकांश सामान वहां स्थानांतरित कर दिया गया था। इसी वजह से नुकसान अपेक्षाकृत कम होने की बात कही जा रही है। हालांकि आग से दुकान में रखे बचे हुए सामान और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते धुआं दिखाई नहीं देता और दमकल को सूचना नहीं दी जाती, तो आग आसपास की अन्य दुकानों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।

