बलौदाबाजार 28 जून 2026। बलौदाबाजार जिले में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसडोल थाना पुलिस ने ग्राम कटगी के सरपंच को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की साजिश का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस की जांच में युवती की शिकायत झूठा पाए जाने के बाद पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 18 वर्षीय युवती ने कसडोल थाना में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान युवती के बयान सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसकी एक सहेली और उसके परिचित उसे यह कहकर अपने साथ ले गए कि उन्हें गांव की एक युवती की मदद करनी है।
इसके बाद उसे ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार किया गया। पुलिस का दावा है कि युवती ने जांच में यह भी बताया कि झूठी शिकायत दर्ज कराने के एवज में उसे तीन लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच की। कसडोल थाना पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया यह मामला पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत हुआ।
पुलिस का कहना है कि कथित रूप से ग्राम कटगी के सरपंच को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की योजना बनाई गई थी। जांच के बाद पुलिस ने ग्राम कटगी निवासी भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक, एक युवती तथा कथित पत्रकार विजय तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, इन सभी पर आरोप है कि इन्होंने मिलकर युवती को बहला-फुसलाकर झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया और कथित साजिश को अंजाम देने का प्रयास किया।
कसडोल थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2) और 45 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

