रायपुर 19 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन के भीतर कानून हाथ में लेने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को यात्री ने कथित तौर पर चलती ट्रेन से लात मारकर नीचे गिरा दिया। ये घटना आजाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन की बतायी जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ट्रेन से गिरा घायल युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक घटना 14 जुलाई की बताई जा रही है। उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशन के बीच चल रही आजाद हिंद एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को कुछ यात्रियों ने पकड़ लिया। इसी दौरान एक यात्री ने आरोपी युवक को ट्रेन के दरवाजे के पास ले गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी युवक ट्रेन के दरवाजे के बाहर लटक गया। आरोपी की उम्मींद थी कि उसकी जान को खतरे में देख यात्री उसके साथ मारपीट नहीं करेंगे।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ नाराज यात्री ने तेज रफ्तार से चल रही ट्रेन में लटक रहे आरोपी युवक को बचाने के बजाये उसे लात से मार दिया, जिससे वह नीचे जा गिरा। इस पूरी घटना का वीडियो किसी दूसरे यात्री ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जांच में सामने आया कि युवक को लात मारने वाला यात्री आर. सुरेश कुमार है। वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, ट्रेन से गिरा युवक घायल अवस्था में घटनास्थल से फरार हो गया। उसकी पहचान और तलाश के लिए जीआरपी की टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घायल युवक वास्तव में मोबाइल चोरी की घटना में शामिल था या नहीं। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस का अधिकार है। किसी आरोपी को सजा देना या उसके साथ हिंसा करना कानूनन अपराध है। इसी आधार पर आरोपी यात्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।

