नई दिल्ली 1 जुलाई 2026। । देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती कर आम वाहन चालकों को राहत दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। नई दरें बुधवार से देशभर में नायरा एनर्जी के 7,000 से अधिक फ्यूल स्टेशनों पर लागू हो गई हैं। यह पिछले दो वर्षों से अधिक समय में किसी भी ईंधन रिटेलर द्वारा की गई पहली बड़ी मूल्य कटौती मानी जा रही है।
कंपनी का कहना है कि संशोधित कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण अंतिम खुदरा कीमतों में कुछ अंतर देखने को मिल सकता है। नायरा एनर्जी ने कीमतों में कटौती का फैसला ऐसे समय में लिया है, जब पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। कंपनी ने वैश्विक बाजार में आई इस नरमी का लाभ सीधे अपने ग्राहकों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
सरकारी कंपनियों ने फिलहाल नहीं बदले दाम
जहां नायरा एनर्जी ने ईंधन सस्ता किया है, वहीं सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने अभी तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इनमें शामिल हैं—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) देशभर के एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा नेटवर्क का संचालन यही तीनों सरकारी कंपनियां करती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह नियंत्रित बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में अन्य तेल कंपनियां भी पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने पर विचार कर सकती हैं। ऐसे में आम उपभोक्ताओं को और राहत मिलने की संभावना है।

