नई दिल्ली 26 जून 2026। कांग्रेस ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को मजबूत करने की कवायद के तहत बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी नेतृत्व ने हरियाणा, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति करते हुए तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस रिलीज में इसकी जानकारी दी गई। कांग्रेस के फैसले के अनुसार संजय दत्त को हरियाणा, लालजी देसाई को ओडिशा और राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संबंधित राज्यों में संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने में मदद मिलेगी। पार्टी ने नए प्रभारियों की नियुक्ति के साथ निवर्तमान प्रभारियों के योगदान की भी सराहना की है। कांग्रेस ने हरियाणा के पूर्व प्रभारी अविनाश पांडे, ओडिशा के बी.के. हरिप्रसाद और उत्तर प्रदेश के अजय कुमार लल्लू के संगठनात्मक कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में पार्टी संगठन को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में यह बदलाव अहम माना जा रहा है। हाल के महीनों में कांग्रेस लगातार अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव कर रही है। पार्टी नेतृत्व का फोकस राज्यों में संगठन को मजबूत करनेए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर है। ऐसे में तीन महत्वपूर्ण राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति को कांग्रेस की व्यापक संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।


