बेमेतरा 28 जून 2026। बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच राउलपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे हो गया। यहां मिट्टी की कच्ची दीवार ढहने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बहनेे खाना खाने के बाद घर के बाहर हाथ धोने निकली थीं, तभी बारिश से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, और मलबे मेें दबने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौैत हो गयी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय वंशिका और 10 वर्षीय राधिका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बहने घर मेें खाना खाने के बाद घर के बाहर हाथ धोने गयी थी। तभी लगातार बारिश के कारण जर्जर हो चुकी कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर दोनों बच्चियों को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस हादसे की दर्दनाक बात यह है कि बच्चियों का परिवार एक दिन पहले ही रायपुर से अपने पैतृक गांव राउलपुर लौटा था। परिवार गांव आने की खुशियां मना रहा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह खुशी मातम में बदल गई। दो मासूम बेटियों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

